मेरठ। कोरोना संक्रमण भयावह होता जा रहा है। इसके चलते सोमवार को 182 नए मरीज मिले जबकि पांच लोगों की मौत हो गई।
वहीं, सपा नेता अतुल प्रधान, उनकी पत्नी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान और पुत्र कोरोना संक्रमित मिले हैं। अतुल प्रधान की एंटीजन रिपोर्ट नेगेटिव थी, लेकिन लैब में जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं, सीमा प्रधान और उनके बेटे की एंटीजन रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनका सैंपल भी लैब भेजा गया है।
सोमवार को जिन पांच लोगों की मौत हुई उनमें ब्रह्मपुरी के 66 वर्षीय बुजुर्ग, पुरानी प्रेमपुरी रेलवे रोड निवासी 68 वर्षीय वृद्ध, मवाना निवासी 34 वर्षीय युवक, फूलबाग कॉलोनी निवासी 86 वर्षीय बुजुर्ग और जागृति विहार निवासी 63 वृद्ध थे। अब तक 356 मरीजों की मौत हो चुकी है। नए मरीजों में पांच सैनिक, हेल्थ केयर वर्कर, अधिवक्ता, शिक्षक, घरेलू महिलाएं, कारोबारी, नौकरी पेशा आदि शामिल हैं। नमूनों के हिसाब से करीब 3.5 प्रतिशत मरीज पॉजिटिव आए हैं। मरीजों की कुल संख्या 16 हजार 498 हो गई है। 5 हजार 364 नमूनों की जांच हुई। 177 मरीजों की छुट्टी हुई है। इस तरह अब तक 14 हजार 356 मरीजों की छुट्टी हो चुकी है। 1786 एक्टिव मरीज हैं और 1051 होम आइसोलेशन में हैं। नए मरीज मीनाक्षीपुरम, गंगानगर, सैनिक कॉलोनी, डिफेंस एन्क्लेव, फूलबाग कॉलोनी, प्रभातनगर, वैशाली कॉलोनी, सोमदत्त विहार, कंकरखेड़ा, जागृति विहार और शास्त्रीनगर आदि के रहने वाले हैं।
मेडिकल में 130 मरीज भर्ती
जिलाधिकारी के. बालाजी ने सोमवार को मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। कोविड-19 अस्पताल में मरीजों के इलाज के बारे में चिकित्सकों से बातचीत की। मेडिकल कॉलेज में अब 130 मरीज भर्ती हैं। इनमें से 58 आईसीयू में हैं। मेडिकल में 250 बेड की क्षमता है।