संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। पशु चोरी के मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मखदूमपुर नहर पुल के पास शनिवार को चेकिंग के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया था। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी अनिल के दाहिने पैर में चोट लग गई थी। उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज मेरठ भेजा गया था। वहीं फरार तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
सीओ पंकज लवानिया के अनुसार, शनिवार को पुलिस मखदूमपुर नहर पुल के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पशुओं से लदी पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया तो उसमें सवार आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने घेराबंदी कर अनिल निवासी मनोहरपुर कॉलोनी हस्तिनापुर, अंश, वासू और हर्ष निवासी चेतावाला तथा गौरव निवासी सालेनगर थाना जानी को गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपियों में लाल उर्फ बिलाल, सलीम और मुल्ला अभी फरार चल रहे हैं।
सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अनिल, अंश, वासू, गौरव और हर्ष फरार चल रहे आरोपी लाल उर्फ बिलाल, सलीम और मुल्ला की मदद करते थे। इसके बदले उन्हें रुपये मिलते थे। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य दिन में गांवों में घूमकर पशुओं की लोकेशन देखते थे और रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। जो कई घटनाओं को अंजाम दे चुके थे। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।