- मुजफ्फरनगर से सामान लेकर महाराष्ट्र गया था साजिद, हादसे की खबर मिलते ही परिजन नासिक रवाना
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। महाराष्ट्र के नासिक जिले में रविवार को सड़क हादसे में सरधना निवासी कैंटर चालक साजिद की मौत हो गई। नासिक के यवला क्षेत्र में कैंटर की दूसरे वाहन से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कैंटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन नासिक के लिए रवाना हो गए।
नगर के गढ़ी खटीकान मोहल्ला निवासी साजिद पुत्र शौकीन कैंटर चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार, दो दिन पहले वह मुजफ्फरनगर से कैंटर में सामान लादकर महाराष्ट्र के नासिक गया था। रविवार को यवला क्षेत्र में पहुंचने के दौरान उसके कैंटर की दूसरे वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में साजिद की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान हुई। इसके बाद स्थानीय पुलिस के माध्यम से सरधना पुलिस को सूचना दी गई। हादसे की जानकारी साजिद के परिजनों तक पहुंची तो घर में मातम छा गया। सूचना मिलते ही परिजन नासिक के लिए रवाना हो गए।