पहले देनी होगी 17 बिंदुओं की जानकारी फिर होगी कोरोना जांच
मेरठ। कोरोना जांच कराने से पहले उसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर अपलोड की जाएगी, उसके बाद उसकी जांच कराई जाएगी। इसके अलावा कोरोना की जांच कराने वाले को 17 बिंदुओं का एक फॉर्म भरना होगा। फॉर्म में यह भी जानकारी देनी होगी कि आप जमात या तब्लीगी जमात से तो नहीं जुड़े। बताया जा रहा है कि यह नई व्यवस्था कोरोना के मरीजों की जानकारी ऑनलाइन अपडेट करने के लिए बनाई गई है।
सीएमओ डॉ. राजकुमार ने निर्देश दिए हैं कि शासन की नई गाइडलाइंस के अनुसार कोरोना जांच से पहले पोर्टल पर अपलोड करने के बाद आईडी दी जाएगी, उसके बाद ही सैंपल लिए जा सकेंगे। जिन संबंधित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (मेरठ, सरधना, मवाना) क्षेत्र में सैंपल कराए जाते हैं, उनकी लिस्ट एक दिन पहले संलग्न प्रारूप (फॉर्म) पर एनयूएचएम सेल को उपलब्ध कराना और सैंपल कराना होगा।
सीएमओ डॉ. राजकुमार का कहना है कि कोरोना के मरीजों का सेंपल बेहतर तरीके से लिया जा सके इसके लिए शासन ये यह गाइडलाइन जारी की है। इसके जरिये मरीज का रिकॉर्ड डिजिटली मेंटेंन किया जा सकेगा। 17 बिंदुओं के फॉर्मेट की पूरी जानकारी देने के बाद ही सेंपल लिया जाएगा।
जिला अस्पताल में दे सकते हैं सैंपल
जिला अस्पताल में कोरोना जांच के सैंपल के लिए सेंटर बनाया गया है। वहां जाकर डॉक्टर के परामर्श से सैंपल दिया जा सकता है, जिसकी जांच मेडिकल कॉलेज में कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर संबंधित व्यक्ति को सूचित किया जाएगा।