बागपत बाईपास पर बदमाशों ने दो युवकों को गोली मारी
मेरठ। शादी के कार्ड बांटने जा रहे बाइक सवार दो युवकों पर बागपत बाईपास के निकट कार सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों युवक घायल हो गए। वारदात के बाद बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को केएमसी हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। पुलिस का कहना है कि रंजिश की बात सामने आई है, जांच की जा रही है।
मोदीनगर के सीकरी कलां निवासी आकाश उर्फ बिट्टू की बहन की शादी है। मंगलवार को वह अपने दोस्त कन्हैया के साथ पहले एक रिश्तेदार की सगाई में शामिल हुए और इसके बाद बहन की शादी के कार्ड लेकर पांचली गांव जा रहे थे। बागपत बाईपास स्थित विद्या इंस्टीट्यूट के पास कार सवार बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोकने का प्रयास किया। दोनों ने बाइक नहीं रोकी तो बदमाशों ने उनके ऊपर फायरिंग शुरू कर दी।
बदमाशों ने पांच राउंड फायरिंग की। एक गोली आकाश के पेट में और एक गोली कन्हैया के हाथ में लगने से दोनों घायल हो गए। आसपास के लोगों ने गोलियों की आवाज सुनकर शोर मचाया। खुद को घिरता देख बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। जानी थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
घायलों का बागपत रोड स्थित केएमसी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। पुलिस युवकों पर फायरिंग की वजह तलाशने में जुटी है। सीकरी कलां की रंजिश में गोली मारने की बात सामने आई है। आकाश गांव की रंजिश में जेल भी जा चुका है। पुलिस घायलों से जानकारी जुटा रही है। सीओ सरधना का कहना है कि पुलिस टीम बुधवार को सीकरी कलां जाकर जांच करेगी।