मीनाक्षीपुरम के अस्पताल में मरीज की मौत पर हंगामा
गंगानगर (मेरठ)। मीनाक्षीपुरम स्थित निजी अस्पताल में मरीज रिंकू की मौत होने के बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने अस्पताल के कर्मचारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
बहचौला निवासी जयपाल ने बताया कि उनका 35 वर्षीय बेटा रिंकू पाइप फिटिंग का काम करता था। सोमवार शाम घर में कुछ काम करते समय उसके सिर में गंभीर चोट लग गई थी। देर रात एक बजे उसे मीनाक्षीपुरम डिवाइडर रोड स्थित अप्सनोवा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार सुबह 11 बजे उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि मंगलवार दोपहर तक किसी भी डॉक्टर ने मरीज को नहीं देखा। उसकी स्थिति गंभीर होने के बावजूद सूचित नहीं किया गया और न ही मरीज से मिलने दिया गया। परिजनों ने कई घंटे तक अस्पताल में हंगामा किया। सूचना पर गंगानगर पुलिस पंहुची। पुलिस ने परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया। देर शाम दोनों में फैसला होने के बाद परिजन शव ले गए। गंगानगर थाना प्रभारी ऋषिपाल मलिक ने बताया कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।
--
ऑफिस में दुबके कर्मचारी
- हंगामे के दौरान अस्पताल के कुछ कर्मचारी केबिन में छिप गए। अस्पताल का अन्य स्टाफ भी पुलिस को घटना के बारे में जानकारी देने से बचता रहा। बाद में मैनेजर धर्मेंद्र ने बताया कि वेटिंलेटर बदलते समय मरीज की मौत हुई। अस्पताल के स्टाफ ने कोई लापरवाही नहीं की है।
--