शिक्षिका के मकान पर फायरिंग, परिवार में दहशत
मुरादनगर। बाइक सवार अज्ञात हमलावर दिनदहाड़े संगम विहार कॉलोनी में शिक्षिका के मकान पर फायरिंग कर फरार हो गए। अचानक फायरिंग से कॉलोनी में अफरा तफरी मच गई। गोली मकान के शीशे में लगी। गनीमत रही कि गोली किसी को लगी नहीं। पुलिस जांच में जुटी।
बंबा रोड स्थित संगम विहार कॉलोनी में रोहित त्यागी परिवार सहित रहती है। परिवार में पत्नी बिंदु त्यागी और पांच वर्ष का बेटा अर्पित है। बिंदु त्यागी रेलवे रोड स्थित श्रीराम पब्लिक स्कूल में बच्चों को पढ़ाती हैं और बेटा अर्पित भी उसी स्कूल में नर्सरी में पढ़ता है। जबकि रोहित त्यागी की रेलवे रोड पर मोबाइल की दुकान है। रोहित ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब दो बजे पत्नी बिंदु त्यागी और बेटा अर्पित स्कूल से घर लौटे थे। इसी बीच बाइक सवार अज्ञात हमलावारों ने दो फायरिंग मकान पर कर फरार हो गए। अचानक फायरिंग से कॉलोनी में अफरा तफरी का माहौल बन गया। वारदात की सूचना पुलिस को दी गई, सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल की।
गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। अचानक मकान पर फायरिंग से परिवार में दहशत बनी है। रोहित ने बताया कि हमलावरों में एक ने हेलमेट लगा रखा था, जबकि दूसरे ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। आगे बाइक पर नंबर नहीं था और पीछे नंबर प्लेट पर कपड़ा लगा था। एसएचओ का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर जांच की जा रही है।