मेरठ। भारतीय सेना में 13 जिलों के अग्निवीरों की भर्ती सहारनपुर में 24 दिसंबर से तीन जनवरी तक होगी। मेरठ सेना भर्ती कार्यालय की ओर से भर्ती रैली में अप्रैल से मई 2024 तक आयोजित ऑनलाइन सीईई पास करने वाले उम्मीदवारों को बुलाया गया है। ऑनलाइन सीईई में सफल उम्मीदवारों का शारीरिक परीक्षण किया जाएगा। एक लाख बच्चों ने लिखित परीक्षा दी थी, जिसमें से 15 हजार ही पास हो सके।
भर्ती सहारनपुर के डॉ. आंबेडकर स्टेडियम में होगी। इसमें अप्रैल-मई 2024 में आयोजित ऑनलाइन सीईई (लिखित परीक्षा) पास करने वाले उम्मीदवार भाग लेंगे। उनके लिए प्रवेशपत्र जारी कर दिए गए हैं। यह भर्ती सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अमरोहा, रामपुर, मुरादाबाद, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, बागपत, गाजियाबाद, मेरठ और हापुड़ जिलों के लिए आयोजित हो रही है। उम्मीदवार अपने प्रवेशपत्र पर दी गई तिथि पर दोपहर एक बजे भर्ती स्थल पर रिपोर्ट करेंगे। यह रैली अग्निवीर सैनिक जनरल ड्यूटी, अग्निवीर क्लर्क-एसकेटी, अग्निवीर ट्रेडसमैन, अग्निवीर सैनिक तकनीकी के लिए 24 दिसंबर 2024 से आयोजित की जाएगी। मंगलवार को सेना भर्ती कार्यालय में कर्नल सत्यजीत बेबले ने बताया कि जिन उम्मीदवारों ने प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है, उन्हें रैली में भाग लेने के लिए अपना प्रवेशपत्र 20 नवंबर से उनके ईमेल पर भेज दिया गया है। भर्ती रैली में उम्मीदवारों का शारीरिक व अन्य परीक्षण होंगे। उम्मीदवार अपने सभी दस्तावेजों की मूल प्रति साथ लेकर आएं।
दलालों और अनुचित साधन से दूर रहें
आर्मी अधिकारियों ने बताया कि उम्मीदवारों को सतर्क रहना चाहिए और दलालों के जाल में न फंसे। किसी अनुचित साधन का सहारा नहीं लेना चाहिए। सेना में चयन पूरी तरह से निष्पक्ष और पारदर्शी है। उम्मीदवारों को रैली से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर उसे एआरओ मेरठ से स्पष्ट कर लेना चाहिए।
यह रहेगा भर्ती रैली का कार्यक्रम
24 दिसंबर को 13 जिलों की ऑफिस असिस्टेंट, ट्रेड्समैन कक्षा आठ व कक्षा दस उत्तीर्ण, 25 दिसंबर को 13 जिलों की टेक्निकल, गौतमबुद्ध नगर की जनरल ड्यूटी (जीडी), 26 दिसंबर को बुलंदशहर जिले की जीडी, 27 दिसंबर को बुलंदशहर व रामपुर की जीडी, 28 दिसंबर को मेरठ की जीडी, 29 दिसंबर को बिजनौर व गाजियाबाद की जीडी, 30 दिसंबर को अमरोहा व हापुड़ की जीडी, 31 दिसंबर को मुजफ्फरनगर व मुरादाबाद की जीडी, एक जनवरी को मुरादाबाद व बागपत जिले की जीडी, दो जनवरी को सहारनपुर व शामली की जीडी की भर्ती होगी।
इन दस्तावेजों को लेकर आएं
उम्मीदवार अपने साथ रैली एडमिट कार्ड, कक्षा आठ, 10 और 12 की ऑरिजनल मार्कशीट, ओपन स्कूल व निजी स्कूल से 10वीं व 12वीं पास करने वाले उम्मीदवार कक्षा 9 व 11 का स्कूल छोड़ने का प्रमाणपत्र व राजपत्र अधिसूचना बीईओ व डीईओ द्वारा हस्ताक्षरित लाना है। डीएम या तहसीलदार द्वारा जारी डाेमोसाइल सर्टिफिकेट, जाति प्रमाणपत्र, गांव सरपंच व नगर निगम द्वारा जारी अविवाहित प्रमाणपत्र, आधार कार्ड व पैन कार्ड, एनसीसी, खेल, आईटीआई, डीएल, रिलेशनशिप सर्टिफिकेट व एक्स सर्विसमैन केस के लिए मूल डिस्चार्ज बुक, पुलिस वेरिफिकेशन, आर्मी फॉर्मेट में शपथ पत्र, 15 नए फोटो, आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर साथ लेकर आएं।