संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कस्बे में देव मंदिर के पास बुधवार सुबह चलती ई-रिक्शा में अचानक आग लग गई। चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए चलती ई-रिक्शा से कूदकर अपनी जान बचाई। वहीं ई-रिक्शा में सवार यात्री घबरा गए और सड़क की ओर दौड़ पड़े।
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए। दुकानदारों ने पानी की टंकी और पाइप की मदद से आग पर काबू पाया। कुछ ही देर में आग बुझा दी गई लेकिन ई-रिक्शा का अगला हिस्सा और बैटरी जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। घटना के चलते कुछ समय के लिए देव मंदिर मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और ई-रिक्शा चालकों से वाहन की नियमित जांच और बैटरी व वायरिंग की समय-समय पर सर्विस कराने की अपील की ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।