हस्तिनापुर। कस्बे से कुछ दूरी पर स्थित कोरबा क्षेत्र में बूढ़ी गंगा के जंगल में अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। सूचना मिलते ही वन विभाग कि टीम मौके पर पहुंची। हवा शांत होने पर आग खुद ही शांत हो गई।
बृहस्पतिवार को दोपहर के समय तीर्थ धाम चिदायतन के समीप वन आरक्षित क्षेत्र में स्थित बूढ़ी गंगा में अचानक आग लग गई। इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी गई। जब तक वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तब तक तेज हवा के कारण आग जंगल में फैल चुकी थी। इसके बाद बूढ़ी गंगा का जंगल आग की तेज लपटों में धू-धू कर जलने लगा। तेज हवा के कारण आग नियंत्रण से बाहर हो गई। जैसे ही कुछ देर बाद हवा शांत हुई तो आग भी शांत हो गई। इसके बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया। परंतु तब तक करीब 20 से अधिक जंगल तेज हवा के कारण जल चुके थे। इसमें खड़े घास फूस पूरी तरह जल गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज हवा चलते ही जंगलों में आग लगने का सिलसिला तेज हो जाता है।
हस्तिनापुर की वन रेंजर खुशबू उपाध्याय ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। आग से किसी भी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है। आग जैसी घटनाओं को देखते हुए जंगलों में निगरानी बढ़ा दी गई है।