- मारपीट के दौरान कांवड़ियों के वेश में ड्यूटी कर रहे हेड कांस्टेबल के साथ भी हुई थी धक्का-मुक्की और मारपीट
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला (मेरठ)। दिल्ली-दून हाईवे पर दशरथपुर गांव के पास गरम धरम होटल के सामने रविवार रात कांवड़ियों के दो गुटों में हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच कांवड़ियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मौके से बरामद बाइक और स्कूटी को भी सीज कर दिया है। मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे कांवड़ियों के वेश में ड्यूटी कर रहे हेड कांस्टेबल दिनेश के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट हुई थी।
रविवार देर रात बाइक सवार कांवड़ियों की पैदल जा रहे कांवड़िये को साइड लगने के बाद विवाद शुरू हुआ था। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई और डंडे चलने लगे। हाईवे पर अचानक हुए हंगामे से राहगीरों और अन्य कांवड़ियों में अफरातफरी मच गई थी। स्थिति संभालने पहुंचे हाईवे पर कांवड़ियों के वेश में तैनात हेड कांस्टेबल दिनेश ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि एक गुट के कांवड़ियों ने उनके साथ भी अभद्रता, धक्का-मुक्की की, जिसमें वह भी घायल हो गए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए घायल कांवड़ियों और हेड कांस्टेबल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दौराला भेजा था।
इसके बाद पुलिस ने मौके से मिली बाइक और स्कूटी को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। दौराला पुलिस ने इस मामले में उप निरीक्षक अभिषेक कुमार सिंह की तहरीर पर नई दिल्ली की दुग्गल कॉलोनी निवासी आयुष, सागर और विकास कुमार मिश्रा और जैदपुर, दोधपुर सरन बिहार निवासी सोनू और उसके साथी गुड्डू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले में कार्रवाई की जा रही है।