किठौर। हसनपुर कलां में प्रधान पक्ष और पूर्व प्रधान पक्ष में रंजिश को लेकर गाली गलौज मारपीट, पथराव तथा फायरिंग हुई। प्रधान पक्ष का आरोप है कि पूर्व प्रधान पक्ष ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। पुलिस मौके पर पहुंची। प्रधान पक्ष की ओर से पूर्व प्रधान समेत सात नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव हसनपुर कलां निवासी जितेंद्र पुत्र रोहताश ने तहरीर में बताया कि उसके घर में जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। इसमें उसके दोस्त सतीश पुत्र ओमप्रकाश व देव पुत्र सुरेंद्र भी बाइक से आए थे। आरोप है कि सतीश व देव के पहुंचते ही महावीर, अशोक, अर्जुन, ललित, सचिन उर्फ डिग्री, जितेंद्र, सोनू और कई अज्ञात लोगों ने उनकी बाइक छीन ली और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। दोनों युवक जान बचाकर जितेंद्र के घर में घुसे तो आरोपियों ने पथराव और फायरिंग की।
आरोप है कि जितेंद्र के घर के बाहर खड़ी गाड़ियों और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में भी तोड़फोड़ की गई। शोर शराबा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा का कहना है कि प्रधान पक्ष जितेंद्र और पूर्व प्रधान महावीर में जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। इसके चलते झगड़ा हुआ है। प्रधान पक्ष के ही जितेंद्र की ओर से तहरीर दी गई है। मामले की छानबीन की जा रही है।