मेरठ के सोतीगंज में मुखबिरी के शक में रविवार को दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसके बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर के बाहर हवाई फायरिंग कर दी। बाइक सवार युवक गोली चलाते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। दोनों पक्षों ने आरोप लगाते हुए सदर बाजार थाने में शिकायत की है। सदर बाजार पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सदर थाना क्षेत्र के गंज बाजार में कबाड़ी मोहसिन रहता है। कुछ दिन पहले उसे एसओजी की टीम ने पकड़ लिया था। मोहसिन को शक है कि उसकी मुखबिरी देहली गेट निवासी सुहेल उर्फ शीला ने की थी। इस बात को लेकर रविवार सुबह सोतीगंज में मोहसिन और सुहेल में विवाद हो गया। मारपीट के दौरान सुहेल के सिर में चोट लग गई थी। आसपास के लोगों ने मामला शांत करा दिया था। सुहेल थाने पहुंचा। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया। उसने मोहसिन के खिलाफ तहरीर दी।
वहीं, मोहसिन का कहना है कि रात में वह अपने घर पर था। कुछ लोग आए और पहले उन्होंने सोतीगंज में फायरिंग की और फिर उसके बाद गंज बाजार स्थित घर के बाहर गोली चलाई। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। आरोप है कि सुहेल ने अपने साथियों संग मिलकर फायरिंग की है। मोहसिन ने सुहेल, इलियास, नानू, मोनू गुर्जर, बाबूलाल उर्फ शादाब और जाकिर उर्फ 26 के खिलाफ तहरीर दी है। सदर बाजार पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें: Meerut: रोडवेज की पहली महिला बस ड्राइवर बनीं प्रियंका शर्मा, पति की मौत के बाद बच्चों की उठा रहीं जिम्मेदारी
एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि प्रकरण की जांच पड़ताल करने के लिए सदर बाजार पुलिस को दिशा-निर्देश दिए हैं। फुटेज के आधार पर मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: Muzaffarnagar: वो लौटा लेकिन तिरंगे में लिपटकर, कहा था जल्द लौटूंगा, नम आंखों से शहीद लोकेश को दी अंतिम विदाई