दौराला - बिसौला गांव में हुई मारपीट और पथराव के आरोपी नदीम और रिहान। स्रोत : पुलिस
पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया, गांव में तनाव का माहौल
संवाद न्यूज एजेंसी
लावड़। बिसौला गांव में सिगरेट पीने से मना करने पर शनिवार देर रात दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने मारपीट के बाद पथराव और फायरिंग कर दी। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण डर के कारण अपने घरों में कैद हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
मोनू कुमार ने इंचौली थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी बताया कि शनिवार रात उसके घर के सामने तिराहे पर गांव के ही नईम, रिहान और नदीम खड़े होकर सिगरेट पी रहे थे। मोनू ने उन्हें वहां सिगरेट पीने से मना किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट की। शोर सुनकर बोबी भी मौके पर पहुंच गया और सभी ने मिलकर उसके साथ भी मारपीट की। अलीशेर और नईम ने अपने पास रखे तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली चलने से मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए।
आरोप है कि इसके बाद कुछ अन्य लोगों ने ईंट-पत्थर भी फेंकने शुरू कर दिए, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। घटना के बाद ग्रामीण डर के कारण अपने घरों में दुबक गए। पीड़ित पक्ष ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर इंचौली और मवाना थाना पुलिस पहुंची और मामला शांत कराते हुए चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया। सुरक्षा की दृष्टि से रविवार को भी गांव में पुलिस बल तैनात रहा।
पुलिस अधीक्षक देहात अभिजीत कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जिन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया। एहतियात के तौर पर पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।