मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र के घोसीपुर में मंगलवार रात दो चचेरे भाइयों आस मोहम्मद और शाहवेज पक्ष में मारपीट और पथराव हुआ। इसमें एक पक्ष के आस मोहम्मद, चांद, परवेज, ताज मोहम्मद और दूसरी पक्ष के इस्लामुद्दीन, बेटा शाहवेज, रिहान घायल हो गए। इस दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल उपचार के लिए भेजा। दोनों पक्षों की और से थाने में तहरीर दी गई है।
घोसीपुर निवासी इस्लामुद्दीन ने बताया कि उनका बेटा शाहवेज मच्छरदानी बनाने की फैक्टरी में काम करता है। भाई उमरदराज के बच्चे आए दिन टिप्पणी करते हैं। दोनों परिवार के लोग गांव में एक ही मकान में रहते हैं। मंगलवार रात को ताज मोहम्मद ने शाहवेज पर टिप्पणी कर दी। इस बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। दोनों पक्षों में मारपीट लाठी डंडे और पत्थर चले। इस दौरान ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर लोहियानगर पुलिस ने फोर्स के साथ पहुंचकर मामला शांत कराया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।