सरधना। थाना क्षेत्र के गांव पिठलोकर में मकान कब्जे के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट और हंगामा हो गया। पीड़ित पक्ष ने गांव के कुछ लोगों पर घर में घुसकर महिलाओं से अभद्रता, मारपीट और पथराव करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मोहम्मद शोकीन पुत्र इलियास ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के कुछ लोग उसके मकान पर अवैध कब्जा करना चाहते हैं। आरोप है कि रविवार को आरोपी पक्ष जबरन उसके घर में घुस आया और उसकी मां अतीका के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
पीड़ित का कहना है कि मामले की शिकायत पुलिस से की गई थी, जिस पर पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की थी। आरोप है कि इससे नाराज होकर सोमवार को आरोपी पक्ष फिर लाठी-डंडों के साथ उसके घर पहुंच गया। आरोपियों ने घर में मौजूद महिलाओं के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।