मेरठ। लिसाड़ी गेट क्षेत्र के समर गार्डन में घर के सामने कूड़ा डालने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। दोनों ओर से थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एक पक्ष से अनमता ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उनके घर के पास सोनू और उसकी पत्नी आसमां किराए के मकान में रहते हैं। दोनों उनके घर के सामने कूड़ा डालते हैं। इसका विरोध करने पर मंगलवार रात सोनू और आसमां ने कुछ लोगों को बुला लिया। आरोप है कि उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट की। मोहल्ले वालों ने उसे बचाया। दूसरी ओर से सोनू ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि पास ही रहने वाले मुस्तकीम और उसके पुत्र समीर व कैफ ने उसके साथ मारपीट की। उसे बचाने आई गर्भवती पत्नी आसमां को भी पीटा। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। संवाद
-
घर के ताले तोड़कर सोने के आभूषण और नकदी चोरी
मेरठ। कोतवाली थाना क्षेत्र के शाहपीर गेट इलाके में बदमाश घर के ताले तोड़कर सोने के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए। पीड़ित अब्दुल्ला शुऐब ने थाने में दी तहरीर में बताया कि 15 मार्च को वह परिवार के साथ दिल्ली गए थे। 18 मार्च की शाम वहां से लौटे। उनके घर के ताले टूटे हुए थे। घर में रखे सोने के चार कंगन, दो लोंग, दो नथ और कुछ नकदी नहीं मिली। जबकि चांदी के आभूषण और अन्य सामान सुरक्षित मिला। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। घटना का जल्द खुलासा कर दिया जाएगा। संवाद