उत्तर प्रदेश के शामली में पहाड़ों पर बारिश के चलते बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे ताजेवाला बांध से यमुना नदी में 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जो शुक्रवार सुबह तक कैराना तक आ जाएगा। इससे यमुना के जलस्तर में और बढ़ोतरी होगी। जिससे आसपास के खेतों और प्लेज में पानी भरने की संभावना है।
पिछले कई माह से यमुना में केवल रुका हुआ गंदा पानी ही दिखाई दे रहा था। पिछले कई दिनों से पहाड़ों पर हो रही बारिश के चलते हरियाणा के यमुनानगर जिले में स्थित ताजेवाला बांध पर पानी का दबाव बढ़ने लगा।
इस दबाव को कम करने के लिए बुधवार को यमुना में तीन हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था, जिसके चलते गुरुवार सुबह यमुना के जलस्तर में मामूली बढ़ोतरी देखी गई। यमुना नदी पर फोरलेन पुल निर्माण के कारण जलस्तर मापा नहीं जा सका था।
गुरुवार सुबह बांध से यमुना में 15 हजार क्यूसेक पानी प्रति सेकेंड छोड़ा गया। हथिनीकुंड कंट्रोल रूम के ऑपरेटर मोनू ने बताया कि गुरुवार सुबह आठ बजे ताजेवाला बांध से आठ हजार 774, इसके बाद सुबह नौ बजे 14 हजार 498 और सुबह दस बजे पांच हजार 352 क्यूसेक (घन फिट) पानी प्रति सेकेंड की दर से छोड़ा गया। यह पानी के शुक्रवार सुबह तक कैराना यमुना नदी पुल तक पहुंचने की संभावना है, जिससे जलस्तर में और वृद्धि होगी।