दौराला - दादरी गांव स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में आयोजित प्रतियोगिता में विजेता छात्राएं।
दौराला। दादरी गांव स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में बृहस्पतिवार को मतदाता जागरूकता कार्यक्रम हुआ। छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। आयोजन मतदाता साक्षरता क्लब, रेंजर्स और राष्ट्रीय सेवा योजना ने मिलकर किया।
प्राचार्य प्रो. यज्ञदेव शर्मा के निर्देशन में नारा लेखन, पोस्टर, भाषण और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं हुईं। रेंजर्स प्रभारी डॉ. दीप्ति चौधरी के नेतृत्व में नारा लेखन में चंचल प्रथम, तनु द्वितीय और ईशा तृतीय स्थान पर रहीं। राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गजेंद्र कुमार ने पोस्टर और भाषण प्रतियोगिताएं कराईं। पोस्टर में रिया सिंह प्रथम, विशाखा द्वितीय और ईशा तृतीय स्थान पर रहीं। भाषण प्रतियोगिता में प्राची प्रथम, ईशा द्वितीय और विशाखा तृतीय स्थान पर रहीं। ईएलसी नोडल अधिकारी प्रो. विजेंद्र सिंह के निर्देशन में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता हुई। इसमें प्रियांशी ने प्रथम, तनु ने द्वितीय और वंशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्राचार्य प्रो. यज्ञदेव शर्मा ने प्राध्यापकों और छात्राओं को निष्पक्ष एवं शत-प्रतिशत मतदान की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में डॉ. संगीता तोमर आदि उपस्थित रहीं।