विदेश में उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसरों के बारे में दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के पशु चिकित्सा चिकित्सालय परिसर सभागार में तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए विदेश में उच्च शिक्षा की संभावनाओं पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला का शुभारंभ वित्त नियंत्रक पंकज कुमार चतुर्वेदी, प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशक डॉ. आरएस सेंगर, संयुक्त निदेशक डॉ. सत्यप्रकाश और डॉ. डीवी सिंह, डॉ. लोकमान सिंह और विदेश शिक्षा परामर्श संस्था की वरिष्ठ परामर्शदाता अताले पामें ने किया।
कुलपति प्रो. त्रिवेणी दत्त के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. लोकमान सिंह ने विद्यार्थियों को संचार, प्रस्तुतीकरण, आंकड़ों के विश्लेषण, समस्या समाधान और रोजगारपरक कौशल की जानकारी दी। अताले पामें ने विदेश में उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसरों की जानकारी देते हुए विभिन्न देशों में प्रवेश प्रक्रिया, आवश्यक योग्यता और शिक्षा के विकल्पों पर चर्चा की।
वित्त नियंत्रक पंकज चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ अपनी ऊर्जा और क्षमता का सही दिशा में उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन शोध छात्रा नंदिनी ने किया। अंत में डॉ. सत्यप्रकाश ने अतिथियों और सहयोगियों का आभार जताया। डॉ. संजीव गुप्ता समेत पूजा रानी, चंदन सिंह और शिवम सिंह मौजूद रहे।