मारपीट में घायल तिगरी निवासी पंकज कुमार। (मवाना)
मवाना। गांव तिगरी में मारपीट एक व्यक्ति घायल हो गया। पीड़ित पक्ष ने मारपीट कर घायल करने और दूसरे पक्ष ने चकरोड कब्जा मुक्त कराने की तहरीर दी है। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
गांव तिगरी निवासी राज किरण सिंह ने मवाना थाने में दी तहरीर में बताया कि उसका पुत्र पंकज बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहा था। रास्ते में शरणवीर ने उसे पकड़कर गाली गलौज की। विरोध करने पर आरोपी ने कॉल कर अपने दो बेटों को मौके पर बुला लिया और पंकज के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। घायल मनोज को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर शरणवीर और उसके दो बेटों सुमित व दीपक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
वहीं दूसरे पक्ष से धनपाल सिंह ने दी तहरीर में बताया कि उसके खेत की ओर जा रही चकरोड को आरोपी ने काटकर अपने खेत में मिला लिया है। इससे रास्ता बहुत अधिक तंग व अवरुद्ध हो गया है। बुग्गी के आने-जाने में परेशानी होती है। तहरीर में मौके पर जांच कराकर कब्जा हटवाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।