रोहटा। गांव सतवाई में घर के सामने पटाखे फोड़ने का विरोध करना पिता-पुत्र को भारी पड़ गया। आरोप है कि पांच युवकों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों का सीएचसी में उपचार कराया गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांव सतवाई निवासी हिमांशु ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार देर रात उसके पिता पप्पू और भाई प्रिंस घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान गांव निवासी सुमित अपने साथी सुधीर, शुभम, लोकेश और निखिल के साथ उनके घर के सामने पटाखे फोड़ने लगे। आरोप है कि पिता पप्पू ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे प्रिंस को भी लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इसके बाद परिजन ने दोनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।