- छह साल पहले हुई थी शादी, पिता की तहरीर पर पति समेत चार ससुरालियों पर प्राथमिकी
- मंगलवार को आरोपी पति को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। गांव आजमपुर में विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने पति समेत चार ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उधर, पोस्टमार्टम के बाद मायके पक्ष के लोग विवाहिता का शव गांव सलाहपुर ले गए, जहां उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
गांव सलाहपुर निवासी रमेश ने बताया कि उनकी बेटी रजनी की शादी करीब छह साल पहले आजमपुर निवासी नवीन पुत्र श्यामा के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर रजनी का उत्पीड़न कर रहे थे। सोमवार दोपहर रजनी का शव घर की छत पर बने कमरे में लोहे के कुंदे से रस्सी का फंदे पर लटका मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
घटना की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग आजमपुर पहुंचे और ससुरालियों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया। रजनी के पिता ने देर रात पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि पिता की तहरीर पर पति नवीन, ससुर श्यामा, सास मुन्नी और देवर सनी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी पति को हिरासत में लेकर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अन्य आरोपों की जांच की जा रही है।