सरधना। थाना क्षेत्र के गांव खिर्वा नौआबाद में जंगल में भेड़ चराने गए पिता-पुत्र पर गांव के ही कुछ युवकों ने हमला कर दिया। गांव निवासी अनुज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता सत्यपाल और भाई शुभम शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे जंगल में भेड़ चरा रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ युवक मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और सरियों से हमला किया, जिससे सत्यपाल और शुभम गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। शोर सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके की ओर दौड़े, जिन्हें आता देख आरोपी धमकी देते हुए भाग गया। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।