एक्सीडेंट के बाद झाड़ियों में फंसी बाइक और घायल युवक
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ। तेज स्पीड बाइक, ट्रिपल राइडिंग की दो घटनाओें में पांच युवकों की जान चली गई। पहला हादसे में एनएच 58 पर तेज रफ्तार बाइक खडे़ ट्रक से टकरा गई। इसमें एमपीएस के दो छात्रों की मौत हो गई। जबकि दूसरे हादसे में दिल्ली रोड पर परतापुर फ्लाई ओवर पर तेज स्पीड बाइक अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरी। उस पर सवार तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई।
पढ़ें : हादसे में पूर्व सांसद के भतीजे की मौत, B.day के दिन बुझा घर का एकलौता चिराग
बागपत के ढिकौली गांव निवासी ऋतिक ढाका (17) पुत्र जितेंद्र चौधरी और गौरव ढाका (16) पुत्र स्व. कुलदीप ढाका अपने परिवार के साथ रोहटा रोड स्थित शांतिकुंज में रहते है। दोनों दोस्त कैंट स्थित मेरठ पब्लिक स्कूल में कक्षा 11 वीं के छात्र है। रविवार रात ऋतिक व गौरव अपने दोस्त दीपक शर्मा (17) पुत्र रामपाल शर्मा निवासी तेज विहार कंकरखेड़ा के साथ पल्सर बाइक पर कैंट में अपने दोस्त की शादी में गए थे। बाइक गौरव चला रहा था। रात लगभग 12 बजे तीनों दोस्त लौट रहे थे। एनएच-58 हाईवे पर योगीपुरम पुलिस चौकी के पास कोहरे के कारण गौरव को ट्रक दिखाई नहीं दिया और बाइक ट्रक में घुस गई। जिसमें ऋतिक और गौरव की मौके पर मौत हो गई। कंकरखेड़ा थाना पुलिस ने तीनों को सुभारती हॉस्पिटल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने ऋतिक व गौरव को मृत घोषित कर दिया। दीपक को वेंटीलेटर पर रखा गया है।
पीएम कराने से इंकार कर दिया
एक्सीडेंट में युवक की मौत
- फोटो : अमर उजाला
इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा का कहना कि परिजनों ने शव का पीएम कराने से इंकार कर दिया। ऋतिक के पिता जितेंद्र असम राइफल में सूबेदार हैं, जो नागालैंड में तैनात हैं। ऋतिक दो बहनों में इकलौता भाई था। गौरव के पिता कुलदीप की भी एक साल पहले 12 नवंबर 2016 को हार्टअटैक से मौत हुई थी। दूसरी घटना में मुजफ्फरनगर जिले के खतौली कस्बे की जमुना विहार निवासी पुनीत (24) पुत्र नरेंद्र, मानवेंद्र (18) पुत्र रविंद्र और मवाना के निलौहा गांव निवासी मोहित (24) पुत्र कृपाल पल्सर बाइक से परतापुर के गेझा गांव में पुनीत की मौसी के यहां घूमने जा रहे थे। बाइक पुनीत चला रहा था। उनके तीन अन्य दोस्त खतौली निवासी सौरभ, शैंकी और केशव भी उनके पीछे बुलट पर थे। पीछे बुलट पर आ रहे दोस्तों ने बताया कि फ्लाई ओवर के यू टर्न पर एक रोडवेज बस से बचने के चक्कर में पल्सर अनियंत्रित होकर फ्लाई ओवर से नीचे गिर गई। बाइक नीचे लोकनिर्माण विभाग के टीन शेड पर अटक गई, बाद में वह भी नीचे जा गिरी। तीनों दोस्त नीचे जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे बुलट पर आ रहे उनके दोस्तों ने तीनों घायलों को लोगों की मदद से सुभारती अस्पताल पहुंचाया, लेकिन सिर में गंभीर चोट आने की वजह से तीनों ने दम तोड़ दिया। इंस्पेक्टर परतापुर योगराज ने बताया कि बाइक काफी स्पीड़ से जा रही थी। तीनों की सिर में चोट आई हैं। उनके पास कोई ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। उनके मोबाइल से ही परिजनों को सूचना दी गई।
हेलमेट होता तो बच सकती थी जान
पुलिस के अनुसार दोनों ही हादसों में बाइक सवारों ने हेलमेट
नहीं लगाया था। यदि उन्होंने हेलमेट लगाया होता तो शायद
सिर में लगी चोट इतनी गंभीर ना होती और उनकी जान बच
सकती थी। दोनों ही हादसों में बाइक चालकों के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिला है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/