रात में गन्ना भवन पर पहुंचे किसान
मेरठ। किसानों की समस्याओं के विरोध में सोमवार को भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी की अगुवाई में किसान गन्ना भवन पहुंचे। यहां अधिकारियों के न मिलने पर किसान गन्ना भवन में ही धरने पर बैठ गए। वे देर रात तक धरने पर डटे रहे। सर्द मौसम होने के कारण किसानों ने यहीं पर चूल्हा जलाया और इसके ऊपर दूध का कढ़ाया भी चढ़ा दिया। किसानों ने कहा कि जब तक अधिकारी उनकी समस्याएं नहीं सुनेंगे तब तक वे धरने से नहीं उठेंगे।
धरने पर बैठे किसानों ने गन्ने का इंडेंट बढ़ाने की मांग की। इसके साथ ही मिलों द्वारा गन्ना मूल्य भुगतान न करने का मामला भी उठाया। किसानों ने कहा कि मिलों में तौल संबंधी समस्याएं भी आ रही हैं। किसानों को परेशान किया जा रहा है। इस दौरान किसानों ने गन्ना भवन पहुंचे मोहउद्दीनपुर मिल और दौराला मिल समिति के सचिव को भी धरने पर बैठा लिया।
किसानों ने गन्ना भवन पर ही अलाव जलाया। वहीं, जिला गन्ना अधिकारी बीके पटेल ने कहा कि अगर किसी एक किसान का इंडेंट बढ़ता है तो काफी संख्या में अगले दिन किसानों के इंडेंट में समस्या आएगी। इस पर लखनऊ स्तर से ही कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सोमवार को वह किसी कार्य के चलते बुलंदशहर में थे। देर शाम ही मेरठ पहुंचे। किसानों की समस्याओं के समाधान का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उधर, किसानों ने कहा कि वे सुनवाई होने तक धरने से नहीं उठेंगे।