संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। तहसील में किसानों की सुविधा के लिए फार्मर आईडी (किसान रजिस्ट्री) अभियान को तेज गति से चलाया जा रहा है। तहसीलदार ज्योति सिंह ने बताया कि यह किसानों की नई डिजिटल पहचान है। इसके माध्यम से उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से मिल सकेगा।
तहसीलदार ने बताया कि इस आईडी के जरिए किसानों को कृषि ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), फसल बीमा भुगतान, डिजिटल भूमि रिकॉर्ड और उर्वरक व बीज पर मिलने वाली सब्सिडी का लाभ आसानी से मिलेगा। इससे कागजी कार्रवाई कम होगी और किसानों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। तहसीलदार ने जानकारी दी कि सरधना तहसील क्षेत्र में 145 गांव शामिल हैं। सभी गांवों में लेखपाल, कानूनगो और नायब तहसीलदार को जिम्मेदारी दी गई है कि वह फार्मर आईडी बनाने के कार्य की लगातार समीक्षा करें और अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि यदि अप्रैल माह में पंजीकरण नहीं कराया तो एक मई से किसी भी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा।
तहसील प्रशासन ने किसानों से अपील की कि किसान अपने गांव में तैनात लेखपाल या नजदीकी जन सेवा केंद्र (सीएससी) पर जाकर आवश्यक दस्तावेज आधार कार्ड, पैन कार्ड, भूमि रिकॉर्ड, बैंक पासबुक और मोबाइल नंबर के साथ जल्द से जल्द फार्मर आईडी बनवाएं।