मेरठ। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेेसवे को दिसंबर-2020 तक पूरा करने का दावा किया जा रहा है। हालांकि अभी तक किसानों के मुआवजे का मसला नहीं सुलझ सका है। इसलिए उनका सब्र टूटता जा रहा है। वे बीतेे दो दिन से गांव-गांव में पंचायत कर रहे हैं। वहीं, 14 सितंबर से पदयात्रा शुरू करने का एलान किया है।
पदयात्रा सफल बनाने के लिए रविवार को मेरठ के गांव सौलाना में बैठक हुई। इसमें पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. बबली गुर्जर और सतीश राठी ने किसानों से एकजुट रहने का एलान किया है। उनका कहना है कि अब किसी भी कीमत पर आश्वासन नहीं माना जाएगा। किसानों की मांगे पूरा होने के बाद ही एक्सप्रेसवे का कार्य किया जाएगा। वहीं, सपा नेता पवन गुर्जर ने किसानों को एकजुट होकर पदयात्रा में शामिल होने का आह्वान किया। उधर, किसानों का कहना है कि खेतों में जाने के लिए सर्विस रोड भी बनाई जानी चाहिए। इस मौके पर महबूब अली, दलवीर, हाजी अल्ताफ, फिरोज चौहान, सुभाष गुर्जर आदि मौजूद रहे।