मेरठ। नगर निगम कार्यकारिणी का चुनाव सोमवार को टाउन हाल के तिलक भवन में कड़ी सुरक्षा और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के बीच होगा। छह सदस्यों के चुनाव में महापौर समेत 89 निर्वाचित और आठ पदेन सदस्यों समेत कुल 97 लोग मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव के लिए दो बूथ बनाए जाएंगे और जिला प्रशासन की तरफ से मतगणना कराई जाएगी। अपर नगर आयुक्त को चुनाव अधिकारी बनाया गया है। 12 सदस्यीय कार्यकारिणी में फिलहाल दो भाजपा और चार महापौर खेमे के सर्वदलीय पार्षद दल के हैं।
12 सदस्यीय कार्यकारिणी में से हर साल छह सदस्य लाटरी प्रक्रिया के जरिए बाहर हो जाते हैं। लाटरी द्वारा छह सदस्य निकाले जाने के बाद से कार्यकारिणी डेढ़ साल से अपूर्ण चल रही है। पार्षदों की मांग पर गत 31 अगस्त को चुनाव तिथि घोषित की गई थी परंतु मोहर्रम के चलते पुलिस फोर्स नहीं मिलने से चुनाव तिथि स्थगित कर तीन सितंबर कर दी थी। इसके बाद कई पार्षदों के कोरोना संक्रमण की चपेट में आ जाने से इसे आगे बढ़ाकर सात सितंबर कर दिया था। सोमवार को होने वाले चुनाव की तैयारी पूरी हो चुकी है। चुनाव अधिकारी एवं अपर नगर आयुक्त श्रद्धा शांडिल्यायन ने बताया कि मतदान के लिए तिलक भवन में दो बूथ बनाए गए हैं। 97 सदस्य सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मतदान कर सकेंगे। कोराना से बचाव के लिए पीपीई किट, मास्क, गल्बज, सैनिटाइजर, थर्मल स्कैनिंग आदि का पूरा इंतजाम रहेगा। वहीं, सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा।
ये है चुनाव कार्यक्रम
कार्यक्रम समय
नामांकन पत्रों की बिक्री सुबह 9 बजे से 10 बजे तक
नामांकन जमा सुबह 10 बजे से पूर्वाह्न 11:15 बजे तक
नामांकन पत्रों की जांच पूर्वाह्न 11:15 बजे से अपराह्न 12 बजे तक
नामांकन वापसी अपराह्न 12 बजे से 12:30 बजे तक
चुनाव का समय अपराह्न 2 बजे से शाम 4:15 बजे तक
मतगणना एवं निर्वाचन शाम 4:30 बजे से निर्वाचन की घोषणा तक
ये हैं वोटर
कार्यकारिणी चुनाव में कुल 97 सदस्य वोट करेंगे। इनमें महापौर और 88 पार्षद समेत 89 निर्वाचित सदस्य एवं आठ पदेन सदस्य शामिल हैं। पदेन सदस्यों में लोकसभा सांसद राजेंद्र अग्रवाल, राज्यसभा सांसद विजयपाल तोमर, राज्यसभा सांसद कांता कर्दम, शहर विधायक रफीक अंसारी, कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, मेरठ दक्षिण विधायक डॉ. सोमेंद्र तोमर, एमएलसी अतर सिंह राव और एमएलसी डॉ. सरोजिनी अग्रवाल शामिल हैं।