रोहटा। गांव रोहटा में आत्मा योजना के तहत आयोजित कृषक गोष्ठी में किसानों को जानकारी देते कृषि वि
रोहटा। कृषि विभाग की आत्मा योजना के अंतर्गत बुधवार को गांव रोहटा में कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में कृषि विशेषज्ञों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने किसानों को महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने फसल उत्पादन बढ़ाने, पशुपालन, उद्यान, कृषि योजनाओं और गन्ने की फसल के रोग-कीट प्रबंधन पर चर्चा की। डॉ. सतबीर सिंह सिरोही ने मोटे अनाज की नवीन तकनीकों, कृषि विविधीकरण और प्राकृतिक खेती की जानकारी दी। पशु चिकित्सा विभाग के डॉ. विपिन कुमार ने पशुओं के रखरखाव, दुग्ध उत्पादन और बीमारियों की रोकथाम के उपाय बताए। उद्यान विभाग के मोहन गोपाल ने अपनी योजनाओं पर प्रकाश डाला, जबकि बीटीएम विनय मलिक ने ब्लॉक की कृषि योजनाओं की जानकारी दी। गन्ना पर्यवेक्षक वीरेंद्र सिंह ने गन्ने में कीट-रोग और पोषक तत्व प्रबंधन पर चर्चा की। केनरा बैंक रोहटा शाखा के प्रबंधक दीपक मलिक ने बैंकिंग योजनाओं की जानकारी दी। प्राविधिक सहायक धर्मेंद्र कुमार ने जैविक और रासायनिक दवाओं के उपयोग पर बताया।
गोष्ठी में अनित कुमार, प्रेमवती देवी, सुखपाली देवी, नीतू देवी, कृष्णपाल सिंह सहित कई किसान मौजूद रहे। चौधरी वीरेंद्र सिंह, अनिल कुमार और चौधरी दारा सिंह मीरपुर भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन बीज भंडार प्रभारी वीरेंद्र तोमर ने किया।