नए कृषि कानून के विरोध में 26 जनवरी की दिल्ली परेड में शामिल होने के लिए किसानों ने रिहर्सल शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश के बड़ौत में शनिवार को किसानों ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर औद्योगिक पुलिस चौकी के पास चल रहे धरने के 29वें दिन पीटी रिहर्सल किया। साथ ही सभी किसानों से आंदोलन में भाग लेने का आहवान किया गया।
शनिवार को दोपहर बाद दरियाव सिंह की अध्यक्षता व सुमेर सिंह आर्य व सभासद आशुतोष तोमर के संयुक्त संचालन में सभा हुई। थांबेदार ब्रजपाल सिंह ने कहा कि नए कृषि कानून को रद्द करने में सरकार जितना अधिक समय ले रही है, किसान उतना ही संगठित होता जा रहा है। अब किसान पीछे हटने वाला नहीं है।
रालोद नेता विश्वास चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार की किसान विरोधी नीतियों से अब किसान हीं नहीं, बल्कि मजदूर व अन्य वर्ग भी दुखी है। इसके अलावा संजीव मान, विकास बाछौड़ थांबेदार यशपाल आदि ने भी विचार रखे।
यह भी पढ़ें: बसपा पूर्व विधायक योगेश वर्मा और आधा दर्जन पार्षदों ने थामा सपा का दामन, अखिलेश बोले ऐतिहासिक ज्वॉइनिंग
इस दौरान किसानों ने आगामी 26 जनवरी की परेड में शामिल होने के लिए पीटी रिहर्सल किया। सभा में देशखाप चौधरी सुरेन्द्र सिंह, चौधरी सुभाष, वीरेन्द्र, विकास मलिक एडवोकेट, सभासद आशुतोष तोमर, सागर तोमर एडवोकेट, गौरव, शरद तोमर, सूबे सिंह, विनोद आदि रहे।
अधिक से अधिक किसान और ट्रैक्टर ले जाने का आहवान
नए कृषि कानून के विरोध में फतेहपुर पुट्ठी गांव में जयवीर सिंह एडवोकेट ने किसानों से 26 जनवरी की परेड में अधिक से अधिक किसानों को ट्रैक्टर ले जाने का आहवान किया। पंचायत में प्रधान आदित्य तोमर, कुलवीर राठी, अंकित तोमर, विनीत तोमर, राजपाल, धर्मवीर, प्रकाश, बलबीर आदि रहे।
खाद्य सामग्री लेकर गॉजीपुर बॉर्डर रवाना हुए किसान
सूप गांव से काफी संख्या में किसान रालोद नेता कुलदीप तोमर के नेतृत्व में शनिवार को खाद्य सामग्री लेकर गाजीपुर बॉर्डर के लिए रवाना हुए। इस अवसर पर देवेन्द्र, प्रवीण, सुभाष, इलम सिंह, धर्मेन्द्र आदि रहे।