भाकियू की पंचायत को लेकर मेरठ में भी अलर्ट रहा। काशी टोल प्लाजा पर एसपीसिटी पीयूष सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। राकेश टिकैत 300 लोगो के साथ निजी गाड़ियों से काशी टोल प्लाजा से निकले। इस दौरान पुलिस बल ने उन्होंने रोकने का प्रयास किया, लेकिन वार्ता के बाद उनका काफिला शांतिपूर्ण तरीके से गाजीपुर बॉर्डर की ओर रवाना हो गया। मेरठ में कई जगहों पर पुलिस गाड़ियों की चेकिंग और विडियग्राफी करती नजर आयी। इस दौरान राकेश टिकैत ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पुलिस की दमनकारी नीति चल रही है, यही हाल रहा तो फिर क्रांति आएगी। कार्यकर्ताओं को घरों में रोका जा रहा है। यह ठीक नही है।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत आज रविवार दोपहर 12.30 बजे बिजनौर के किरतपुर रोड स्थित कृष्णा फार्म में आयोजित किसान कुंभ में पहुंचेंगे। भाकियू के जिलाध्यक्ष चौधरी सत्यवीर सिंह सोनू व मीडिया प्रभारी संदीप कुमार त्यागी ने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और किसानों से अधिक से अधिक संख्या में किसान कुंभ में पहुंचने की अपील की।
बिजनौर में किसानों के दिल्ली कूच के एलान को लेकर पुलिस अलर्ट रही। रेलवे स्टेशन बस स्टैंड समेत जिले के बॉर्डर और दिल्ली की तरफ जाने वाले रास्ते पर रात भर पुलिस ने वाहनों की चेकिंग की थी। अब अब तक भी वाहनों को चेक करने के बाद ही आगे बढ़ने दिया जा रहा है।
दिल्ली कूच को लेकर पुलिस शनिवार की दोपहर से ही सक्रिय हो गई थी। एलआईयू समेत सभी थाना प्रभारी किसान नेताओं की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे, भाकियू के कुछ पदाधिकारियों ने अपने फोन नंबर भी बंद किए। हालांकि पुलिस को चकमा देकर चांदपुर से एक जत्थे के दिल्ली पहुंचने का पदाधिकारी दावा कर रहे हैं।
जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे पहलवानों के समर्थन में मुजफ्फरनगर से खाप चौधरी और भाकियू कार्यकर्ता दिल्ली के लिए रवाना हुए। सुबह जिला मुख्यालय से भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत कारों के काफिले में निकले। इसके अलावा खतौली के भंगेला चेकपोस्ट पर एकत्र हुए कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए रवाना हुए। उधर,खाप चौधरी बायवाला से दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं।
किसानों के गाजीपुर बॉर्डर पर कूच को लेकर मेरठ के परतापुर क्षेत्र में काशी टोल प्लाजा पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। काशी टोल प्लाजा पर एसपी सिटी के साथ भारी पुलिस बल तैनात है।