- पर्याप्त स्टॉक न होने के कारण आए दिन खाली हाथ लौटना पड़ रहा है किसानों को
संवाद न्यूज एजेंसी
फलावदा। गडीना सहकारी समिति फलावदा पर खाद नहीं मिलने से किसान परेशान हैं। किसानों का आरोप है कि पिछले करीब एक महीने में सहकारी समिति पर खाद की केवल दो गाड़ी ही पहुंची। जिन्हें कुछ ही समय में किसानों में वितरित कर दिया गया। पर्याप्त स्टॉक न होने के कारण आए दिन किसानों को बिना खाद मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। किसानों ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराने की मांग करते हुए हंगामा किया।
रविवार को सहकारी समिति पर लाइन में लगे किसान सुभाष प्रधान, महिपाल, राजेंद्र सिंह, इलम सिंह, सजाउद्दीन रिजवी, तोलाराम सैनी, विद्या प्रकाश, प्रधान नायब रिजवी, जीतू सिंह, जयप्रकाश, बिजेपाल, नाहर सिंह आदि किसानों ने बताया कि खाद लेने के लिए उन्हें सुबह से सहकारी समिति पर लाइन में लगना पड़ रहा है। घंटों इंतजार करने के बाद भी ज्यादातर किसानों को खाद नहीं मिल पाया है। वहीं सहकारी समिति पर पहले से ही लाइन में लगे किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिला। खाद नहीं मिलने से किसानों ने नाराजगी जाहिर की। किसानों ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराने की मांग करते हुए हंगामा किया।
सहकारी समिति पर तैनात बाबू शशांक अग्रवाल ने बताया कि किसान नैनो यूरिया खाद व डाई नहीं ले जा रहा है। केवल एक ही क्वालिटी के खाद के पीछे पड़े हुए हैं। सहकारी समिति पर फलावदा सहित क्षेत्र के गांव गडीना, बातनौर, गुडंब, बुनियादपुरा, सनोता, मोजीपुरा, कुंडा, पिनाई गांव के किसानों को खाद वितरित किया जाता है।
सहकारी समिति के अध्यक्ष तनजैब चौधरी का कहना है कि खाद की आपूर्ति बढ़ाने के लिए कई महीने पूर्व विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया था लेकिन आज तक खाद का स्टॉक नहीं बढ़ाया गया। इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।