संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। चिरौड़ी-मटौर गांव के जंगल में आंधी के दौरान गिरे ट्रांसफार्मर से ठप पड़ी विद्युत आपूर्ति के मामले में किसानों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। समस्या के समाधान को लेकर मंगलवार को प्रभावित किसानों ने क्षेत्रीय विधायक अतुल प्रधान से मुलाकात कर जल्द कार्रवाई की मांग की।
किसानों ने विधायक को बताया कि पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण करीब 30 किसानों की फसल सूखने की कगार पर पहुंच गई है। समय पर सिंचाई न होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। किसानों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बावजूद विद्युत निगम के अधिकारी समस्या के समाधान में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। विधायक अतुल प्रधान ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर 24 घंटे के भीतर ट्रांसफार्मर को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्या प्राथमिकता पर हल कराई जाएगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वह कपसाड़ बिजली घर पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। किसानों का कहना है कि फसल बचाने के लिए तुरंत सिंचाई जरूरी है और इसमें किसी भी तरह की देरी उन्हें बर्बादी की ओर धकेल सकती है। इसे दौरान प्रदीप, छोटे, अशोक, राजेंद्र, राजकुमार, ओमकार, संजय, राहुल, रजनीश, गोविंद, संजू, श्रीपाल आदि मौजूद रहे।