मेरठ। नंगलामल चीनी मिल में किसानों को बुनियादी सुविधाएं न मिलने से नाराजगी बढ़ गई है। यार्ड में हमेशा भरे रहने वाले पानी, गंदगी, पीने के स्वच्छ पानी की कमी और पथ-प्रकाश की दिक्कतों ने किसानों को परेशान कर रखा है।
जिला गन्ना अधिकारी बीके पटेल को सौंपे गए ज्ञापन में किसानों ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली और भैंसा-बुग्गियों में गन्ना लेकर मिल पहुंचने पर उन्हें बदहाल सुविधाओं का सामना करना पड़ता है। कई बार शिकायतों के बावजूद मिल प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
किसानों का कहना है कि आंदोलन के दौरान मिल प्रशासन ने सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था लेकिन अब अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से पीछे हटते दिख रहे हैं।
किसान सतीश कुमार ने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी, तो किसान पुनः आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे। जिला गन्ना अधिकारी ने मिल के अधिकारियों से बात कर किसानों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सभी शिकायतों की जांच के लिए एक टीम गठित की। उन्होंने कहा कि चीनी मिल का दायित्व है कि गन्ना लेकर आने वाले किसानों को न्यूनतम जनसुविधाएं अवश्य दी जाएं।