किसान, युवा और व्यापारी सभी परेशान : जयंत चौधरी
सरधना। रालोद के राष्ट्रीय महासचिव जयंत चौधरी ने कहा कि यह जनप्रतिनिधियों के लिए शर्म की बात है कि ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाएं पाने के लिए धरने पर बैठना पड़ रहा है। अब संगठित और जागरूक होने की जरूरत है। भाजपा के लोग जुमलेबाजी करना जानते हैं। विकास सिर्फ उनकी बातों में होता है, धरातल पर आज किसान से लेकर युवा और व्यापारी सभी लोग परेशान हैं। भाजपा नेताओं को शर्म आनी चाहिए। वह रविवार को छुर गांव में चल रहे ग्रामीणों के धरने में शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों के दर्द को साझा किया।
जयंत चौधरी ने कहा कि चुनाव में विकास की बड़ी-बड़ी बातें करके ग्रामीणों से वोट तो ले ली, लेकिन सत्ता में आने पर जनता का दर्द भी नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि चुनाव में जो भूल हुई है, उसे सुधारने का समय आ गया है। झूठ बोलने वाली पार्टी और नेताओं को सबक सिखाना जरूरी है। इसके लिए संगठित होकर चलना है। भविष्य में ऐसे नेताओं की बातों में नहीं आना। रालोद पूरी तरह ग्रामीणों के साथ है। जरूरत पड़ने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। चौधरी सुधीर तालियान ने कहा कि 20 दिसंबर को प्रस्तावित बड़ी पंचायत के लिए गांवों में जनसंपर्क शुरू कर दिया है। इस पंचायत में आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। इस मौके पर सतेंद्र सिंह, ओमकार सिंह, जगवीर सिंह, नवाब सिंह, सेंसरपाल, महेंद्र सिंह, प्रमोद, श्याम सिंह, बिशन प्रधान, विनेश प्रधान, निक्की तालियान आदि मौजूद रहे।