उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में मंगलवार को तहसील दिवस के दौरान एक किसान ने पेड़ पर चढ़कर आत्महत्या की चेतावनी दे डाली। पीड़ित किसान का कहना है कि काफी दिनों से गन्ना भुगतान नहीं हुआ है। जिसको लेकर काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उसने कहा कि बच्चों की फीस तक नहीं जा रही है और दीपावली का त्योहार भी नजदीक आ रहा है।
वहीं इसकी सूचना मिलते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद मवाना एसडीएम अंकुश श्रीवास्तव, एडीएम राम चंद्र और तहसीलदार अशोक कुमार गुप्ता भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसान को आश्वासन दिया कि दीपावली से पहले एक सप्ताह का भुगतान कर दिया जाएगा। जिसके बाद किसान नीचे उतर आया। किसान ने इससे पहले भी आत्महत्या की चेतावनी दी थी।
बता दें कि मवाना तहसील में मंगलवार को तहसील दिवस के मौके पर किसान गन्ना भुगतान को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। उनकी मांगें है कि दीपावली से पहले गन्ना भुगतान किया जाना चाहिए। वहीं इस दौरान शौकीन नाम का एक किसान पेड़ पर चढ़ गया। वह काफी देर तक पेड़ पर चढ़ा रहा, लेकिन जैसे ही अधिकारियों को इसकी सूचना मिली तो एसडीएम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने किसान को भुगतान कराने का आश्वासन दिया।
इसके बाद किसान नीचे उतर गया। बताया गया कि दो साल पहले भी यह किसान गन्ना भुगतान को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया था। जिस मामले में उसे जेल भी भेज दिया गया था।