संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र में भारतीय किसान यूनियन बीआर अंबेडकर के जिलाध्यक्ष मोहित कुमार को अवैध खनन की शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी मिली है। यह घटना 11 जून की रात हुई, जिसके बाद पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
किनापुर निवासी मोहित कुमार ने पुलिस को बताया कि वह 11 जून की रात करीब साढ़े दस बजे कार से गांव लौट रहे थे। उनके साथ हसनपुर निवासी वंश भी था। आरोप है कि हसनपुर कदीम स्थित एक मंडप के सामने डंपर चालक ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक किया। इसके बाद तीन कार सवार आरोपियों ने उनकी गाड़ी का पीछा किया। आरोपियों ने उनकी कार के बराबर अपनी गाड़ियां लगाईं और अवैध हथियार दिखाते हुए धमकी दी। उन्होंने कहा कि यदि दोबारा डंपरों की शिकायत की तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। धमकी देने के बाद आरोपी मौके से भाग गए।
मोहित कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मुंडाली निवासी मोहित तोमर, गौरव और फैज वारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-