मवाना- एचटी लाइन के करंट से झुलसा किसान प्रमोद थाने पर तहरीर देने पहुंचा। स्रोत : संवाद
मवाना। मोहल्ला हीरालाल निवासी किसान प्रमोद को रविवार देर रात नलकूप पर करंट लग गया। इससे वह घायल हो गया। किसान ने विद्युत निगम के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।
प्रमोद ने बताया कि उसके खेतों के ऊपर से होकर एचटी लाइन के तार गुजर रहें हैं, जो एलटी लाइन के पास आ गए हैं। रविवार देर रात अचानक चली हवा से एचटी लाइन के तार एलटी लाइन के तार से टकरा गए और एलटी लाइन में एचटी लाइन का करंट आ गया। वह उस दौरान अपने नलकूप पर था। तारों में फाल्ट होने से वह उसकी चपेट में आ गया और करंट लगने से झुलस गया। किसी तरह उसकी जान बची। पीड़ित ने बताया कि उसने कई बार विद्युत निगम के अधिकारियों से मामले की शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इस कारण उसके साथ हादसा हुआ। पीड़ित ने तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। सीओ मवाना पंकज ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी।