दौराला - ठगी की जानकारी देता किसान बॉबी। स्रोत : संवाद
दौराला। ठगों ने सोशल मीडिया पर दुधारू भैंस बेचने के नाम पर बड़कली गांव निवासी किसान बॉबी से 40 हजार रुपये की ठगी कर ली। थाने पहुंचे किसान ने पुलिस को जानकारी देते हुए तहरीर दी।
बॉबी ने बताया कि उसके मोबाइल पर यूट्यूब पर एक भैंस बिक्री का वीडियो चल रहा था। भैंस बिक्री का वीडियो देखकर उसने दिए गए संपर्क नंबर पर जानकारी की। उक्त नंबर से उसके पास भैंस के वीडियो और फोटो भेजे गए। भैंस की कीमत 80 हजार रुपये बताई गई। किसान ने फोन पर ही भैंस खरीदने के लिए 75 हजार रुपये में सौदा कर लिया। किसान ने भेजे गए बार कोड पर 40 हजार रुपये भी डाल दिए। दो दिन बीतने पर भी भैंस नहीं आई तो उसने फोन कर जानकारी ली तो फोन करने वाला व्यक्ति एक घंटा दो घंटा कहते हुए उसे टरकाता रहा। ठगी का अहसास होने पर किसान ने पुलिस को जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।