दो दिन से परिजन कर रहे थे किशोरी की तलाश
दारानगरगंज। गांव दारानगर निवासी एक किशोरी शव गंगा में मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। दो दिन से परिजन खुद ही उसकी तलाश कर रहे थे। रविवार को उसका शव गांव से दो कि लोमीटर दूर गंगा की धारा में मिला। शव फूल गया था, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि जिस दिन वह लापता हुई थी, उसी दिन उसकी हत्या कर शव गंगा में फेंक दिया गया था।
दस अप्रैल को किशोरी लक्ष्मी लापता हुई थी। अगले दिन शनिवार को परिजनों ने गंज चौकी पर उसकी गुमशुदगी के संबंध में तहरीर दी थी, रविवार को गोताखोरों को गांव दारानगर गंज से करीब दो किलोमीटर आगे गंगा की धारा में लक्ष्मी का शव मिला। लक्ष्मी का शव देखकर परिजनों की चीख निकल गई। लक्ष्मी के हाथ उसकी की चुनरी से पीछे की ओर बंधे हुए थे। उसके सिर, गर्दन व कमर पर चोट के निशान थे। उसका कुर्ता भी एक जगह से फटा हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। गांव वालों का कहना है कि जहां लक्ष्मी के परिवार ने पलेज लगा रखी है वह गंगा की धारा से बहुत दूर सड़क पर है। ऐसे में लोगों का लक्ष्मी का गंगा की धारा के पास जाना और उसकी हत्या होना समझ में नहीं आ रहा है। शहर कोतवाल रमेशचंद्र शर्मा के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद ही स्थिति का पता चलेगा। अभी परिजनों ने भी किसी के खिलाफ हत्या करने का शक जताते हुए तहरीर नहीं दी है।