बिजनौर के गांव गंज के सामने गंगा किनारे युवती का शव मिलने के बाद जांच करती पुलिस।
- फोटो : BIJNOR
किशोरी की हत्या कर शव गंगा में बहाया
चुनरी से ही पीछे की ओर बांधे गए थे हाथ, दो दिन बाद मिला शव
दारानगरगंज (बिजनौर)। गांव दारानगर निवासी एक किशोरी लक्ष्मी (16) की हत्या करके शव गंगा में बहा दिया गया। किशोरी के हाथ उसकी चुनरी से पीछे की ओर बांधे गए थे और उसके सिर, गर्दन व कमर पर चोट के निशान थे। परिजनों ने रविवार को खुद गंगा में शव ढूंढकर निकाला।
लक्ष्मी थाना शहर कोतवाली के गांव दारानगर निवासी हरपाल प्रजापति की बेटी थी। उनके लक्ष्मी के अलावा पांच बेटी व दो बेटे और हैं। उन्होंने गंगा खादर में गांव लक्खीवाला के पास पलेज लगा रखी है। वे अपने पूरे परिवार के साथ खेती करने जाते हैं। लक्ष्मी दस अप्रैल को पलेज पर जाने की बात कहकर घर से गई थी लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने तलाश की, लेकिन उसके नहीं मिलने पर शनिवार को गंज चौकी में गुमशुदगी की तहरीर दी थी। परिजनों ने रविवार को गंगा में लक्ष्मी की तलाश भी की। गोताखोरों को गांव दारानगर गंज से करीब दो किलोमीटर आगे गंगा की धारा में लक्ष्मी का शव मिला। उसका कुर्ता भी फटा था, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उसने हत्या से पहले हत्यारों से संघर्ष किया था। संवाद