डिलीवरी के पैसे नहीं लौटाने पर नर्सिंग होम पर परिजनों का हंगामा
मवाना। डिलीवरी के लिए जमा कराई गई धनराशि वापस नहीं करने पर महिला के परिजनों ने प्राइवेट नर्सिंग होम पर जमकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। नर्सिंग होम की महिला चिकित्सक द्वारा जमा पैसा वापस किए जाने पर हंगामा शांत हुआ। वहीं, महिला के परिजनों ने सीएमओ से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
सीएमओ को भेजी शिकायत में गांव तिगरी निवासी राकेश ने कहा कि उन्होंने 5 नवंबर को अपनी पुत्रवधू को मेरठ रोड पर फलावदा चौराहे नजदीक एक प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। रात 9 बजे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। महिला चिकित्सक ने अगले दिन सुबह 10 बजे डिलीवरी कराने का समय दिया। राकेश का आरोप है कि महिला चिकित्सक अपने कंपाउंडर को छोड़कर स्वयं अपने अन्य संस्थान में नोएडा चली गई।
उसकी पुत्रवधू शाम 4 बजे तक दर्द से तड़पती रही, लेकिन महिला चिकित्सक नहीं पहुंची। अत्यधिक पीड़ा में देख कंपाउंडर ही उनकी पुत्रवधू को आपरेशन थिएटर में ले जाने लगे। उन्होंने इसका विरोध किया। शाम 6 बजे तक महिला चिकित्सक के नहीं आने पर दूसरे नर्सिंग होम में ले जाकर भर्ती किया। जहां हालत नाजुक होने पर पुत्रवधू को तीन दिन तक आईसीयू में रखना पड़ा। पीड़ित ने मामले की जांच कराकर महिला चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
महिला के परिजनों ने बताया किडिलीवरी के लिए जमा कराई गई धनराशि वापस करने की मांग की तो महिला चिकित्सक ने अभद्रता की। जिस पर काफी संख्या में एकत्र होकर लोग नर्सिंग होम पर पहुंच गए तथा हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस भी मौके पर पहुंची। हंगामा बढ़ते देख नर्सिंग होम ने जमा किए पैसे वापस कर दिए, जिस पर मामला शांत हुआ। थाना प्रभारी प्रेमचंद शर्मा का कहना है कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।