कोरोना पॉजिटिव मिले लोगों के परिजनों को पानी भरने से रोका
शेरकोट (बिजनौर)। मोहल्ला अचारजान में कुछ लोगों ने कोरोना पॉजिटिव मिले लोगों के परिवार के सदस्यों को सरकारी नल से पानी भरने पर रोक लगा दी है। परिजनों का कहना है कि प्रशासन द्वारा दो दिन पहले भेजा गया टैंकर का पानी खत्म हो गया है। उन्होंने प्रशासन से समस्या के समाधान की मांग की है।
नगर के मोहल्ला अचारजान निवासी एक व्यक्ति परिवार सहित मुरादाबाद शादी में शामिल होने गया था। घर लौटने से पहले कोरोना परीक्षण में परिवार के एक युवक की रिपोर्ट छह जुलाई को कोरोना पॉजिटिव आई। स्वास्थ्य विभाग ने युवक को स्वाहेड़ी सेंटर उपचार को भेज दिया था। नौ जुलाई को परिवार के तीन और लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई, उन्हें भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्वाहेड़ी सेंटर भेज दिया और परिवार के 27 लोगों को होम क्वारंटीन कर दिया। परिजनों का कहना है कि मोहल्ले के कुछ लोगों ने उन्हें यह कहते हुए घर के बाहर लगे सरकारी नल से पानी भरने पर रोक लगा दी कि वे भी कोरोना के मरीज है। पालिका प्रशासन द्वारा दो दिन पहले भेजे गए टैंकर का पानी भी शनिवार सुबह खत्म हो गया है। अब पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से समस्या का निदान कराने की मांग की है।
उधर एसओ संजय कुमार पांचाल का कहना है कि पालिका की ओर से इन लोगों के लिए पानी का टैंकर भिजवाया जा रहा है। यदि शनिवार को खत्म हो गया है तो दूसरा टैंकर भी भेज दिया जाएगा। मोहल्ले के लोग इसलिए गुरेज कर रहे हैं कि कहीं इन लोगों के नल को छूने की वजह से कहीं वे भी कोरोना संक्रमित न हो जाएं। उधर पालिका के ईओ धर्मराज राम का कहना है कि पालिका की ओर से रोज पानी का टैंकर उपलब्ध कराया जा रहा है। एसडीएम धीरेंद्र सिंह का कहना है कि वह मामले की जांच कर कार्रवाई करेंगे।