किसान को दी एक्सपायरी कीटनाशक दवा, विरोध पर हंगामा
रोहटा। एक्सपायरी कीटनाशक दवा देने के विरोध में किसान ने हंगामा किया। किसान की तहरीर पर पहुंची पुलिस ने दुकानदार को हिरासत में ले लिया। बताया गया कि किसान ने देर शाम तहरीर वापस ले ली जिसके चलते दुकानदार को छोड़ दिया गया।
रोहटा निवासी बलजोर सिंह पुत्र विक्रम सिंह ने बताया कि उसने कई दिन पहले रोहटा के मुख्य बाजार स्थित कृषि बीज भंडार नाम की दुकान से फसल में डालने के लिए कीटनाशक दवाइयां ली थी। जब वह खेत पर पहुंचा तो उनके पुत्र शेखर ने दवाइयों पर एक्सपायरी डेट देखी जो निकल चुकी थी। दवाई को लेकर पीड़ित किसान कृषि बीज भंडार पर पहुंचा और विरोध जताया। आरोप है कि इस पर दुकानदार उससे भिड़ गया। किसान ने कंट्रोल रूम में फोन कर पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो अधिकतर दवाइयों की डेट निकल चुकी थी। किसान की तहरीर पर दुकानदार को हिरासत में ले लिया गया। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि किसान ने देर शाम तहरीर वापस ले ली थी जिसके चलते दुकानदार को छोड़ दिया गया।