कब्रिस्तानों में मिट्टी की जरूरत पूरी करने की कवायद शुरू
मेरठ। कोरोना संक्रमण बढ़ने के कारण कब्रिस्तानों में जनाजों के बढ़ने और मिट्टी की कमी को देखते हुए नगर निगम की टीम हरकत में आई है। अपर आयुक्त ने शाहविलायत कब्रिस्तान पहुंचकर हालात की जानकारी ली। रजिस्टर चेक किए। वहीं, शहर विधायक ने भी मिट्टी की जरूरत पूरा कराने में सहयोग का भरोसा दिलाया है।
शहर में दिल्ली रोड स्थित हाजी साहब कब्रिस्तान में जनाजों की स्थिति फिलहाल सामान्य है। मोहनपुरी स्थित कब्रिस्तान शाहविलायत में जनाजों की तादाद में इजाफा हुआ है। बीते दिनों के मुकाबले दोगुनी संख्या में जनाजे पहुंच रहे हैं। शाहविलायत कब्रिस्तान की देखरेख करने वाले राशिद ने बताया कि शनिवार को अपर नगर आयुक्त ने भी कब्रिस्तान के रजिस्टर को चेक कर जानकारी ली है। उसका कहना है कि शहर विधायक रफीक अंसारी ने कब्रिस्तान में मिट्टी की कमी के चलते 25 लाख रुपये का सहयोग देने की बात कही है। हजरत बाले मियां कब्रिस्तान में मिट्टी की तत्काल में जरूरत है। भूमिया पुल खता रोड स्थित मोहम्मद साहब कब्रिस्तान में फिलहाल मिट्टी की जरूरत नहीं है क्योकि कमेटी के लोगों ने खुद ही कब्रिस्तान का भराव करा लिया है। इनके अलावा अंसारियान कब्रिस्तान, लबेदारिया कब्रिस्तान, राजपुताना कब्रिस्तान, मालिक कब्रिस्तान सहित अन्य में मिट्टी की जरूरत है।
हजरत बाले मियां कब्रिस्तान में कब्र खोदने वाले शफीक ने बताया कि कोरोना संक्रमण के चलते बीते दिनों में जनाजे आने की तादाद इतनी बढ़ गई थी कि उन्हें भी कब्र खोदने के लिए स्टाफ बढ़ाना पड़ा था। शनिवार को जनाजों की रफ्तार में कुछ कमी रही। एक जनाजा कोविड वाले शव का था।