सिटी स्टेशन से गई परीक्षा स्पेशल ट्रेन
मेरठ। रेलवे ने एनडीए की प्रतियोगी परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों को राहत दी है। कोरोना के कारण पैसेंजर ट्रेनों के बंद होने के बावजूद परीक्षा स्पेशल ट्रेनों को चलाया गया है। जिसमें मेरठ को भी दो ट्रेनों की सौगात दी गई है। इसमें पहली ट्रेन शनिवार रात दिल्ली से चलकर 12 बजे मेरठ पहुंची। यहां से परीक्षार्थी सवार होकर देहरादून गए। वहीं, पांच महीने बाद सिटी स्टेशन के अनारक्षित टिकट काउंटर भी खोले गए।
इसके अलावा रविवार सुबह 4.30 बजे एक ट्रेन सहारनपुर से दिल्ली की ओर रवाना होगी। इस ट्रेन से दिल्ली की ओर जाने वाले यात्री मेरठ से सवार होंगे। वहीं, आज रात को परीक्षा स्पेशल देहरादून से 10 बजे चलकर सुबह 3.30 बजे मेरठ पहुंचेगी। इस ट्रेन से देहरादून परीक्षा देने गए परीक्षार्थी लौटेंगे। वहीं, रेलवे ने अनारक्षित टिकट काउंटर को शनिवार सुबह से ही खोल दिया था। अभी अनारक्षित टिकट काउंटर रविवार तक खुले रहेंगे। इन ट्रेनों में सामान्य श्रेणी के कोच लगाए गए हैं। सबसे बड़ा सवाल सोशल डिस्टेसिंग को लेकर होगा। सामान्य कोच में किस तरह सोशल डिस्टेंसिंग की व्यवस्था रेलवे कर पाएगा।
12 से चलेगी नंदा देवी एक्सप्रेस
रेलवे ने 12 सितंबर से 80 ट्रेनों को चलाने का फैसला लिया है। जिसमें से कोटा से देहरादून के बीच चलने वाली नंदा देवी एक्सप्रेस को भी चलाया जाएगा। ये ट्रेन रोजाना मेरठ से गुजरती है। इसके चलने से मेरठ से जाने वाले यात्रियों को फायदा मिलेगा। अभी तक सिटी स्टेशन से स्वर्ण मंदिर मेल (मुंबई से अमृतसर) और जनशताब्दी (नई दिल्ली से देहरादून) गुजर रही हैं।