सरधना। इकरा की हत्या में आराेपी पिता सुलेमान को उम्रकैद की सजा के बाद यह मामला फिर से चर्चा में है। वारदात के बाद इकरा की मां मोहसिना उर्फ महरूनिशां ने पति सुलेमान से रिश्ता खत्म कर लिया था। बच्ची के दफीने के बाद ही वह अन्य बच्चों को लेकर गांव छोड़कर मायके फलावदा चली गई थी।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया था कि दो बेटियाें इलमा और अलीना की भी पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी थी। आरोपी ने दोनों की मौत के पीछे बीमारी और भूत-प्रेत का साया होना बता दिया था। इकरा हत्याकांड के बाद का मोहसिना ऐसा भरोसा टूटा कि उसने सुलेमान के साथ रहने से इन्कार कर दिया। गांव के मकान में अब सुलेमान की मां और भाई रहते है।
सीसीटीवी से खुला था राज
इकरा को गंगनहर में फेंकने के बाद सुलेमान ने घटना छिपाने के लिए बच्ची के अपहरण की सूचना दी थी। पुलिस ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो वह बच्ची को अपने साथ ले जाता दिखाई दिया। पूछताछ में उसने बच्ची को गंगनहर में फेंकने की बात स्वीकार की थी।