सदर बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पुजारी ने एक युवती से दुष्कर्म करने की कोशिश की। युवती किसी तरह पुजारी से पीछा छुड़ाकर अपने घर पहुंची और सारे मामले की जानकारी दी। पुजारी युवती से शादी करना चाहता था। जन्मपत्री बनाने की बात कहकर युवती को बुलाया था। वहीं लोगों ने सदर बाजार थाने में कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने पुजारी को गिरफ्तार कर लिया।
रजबन बाजार की एक युवती रोजाना मंदिर में पूजा करने जाती थी। आरोप है कि मंदिर का पुजारी ललित शर्मा पिछले दो सप्ताह से युवती से छेड़छाड़ कर रहा था और उससेे जबरन शादी करने की बात कहता था। मंगलवार दोपहर पुजारी ने युवती को फोन किया और जन्मपत्री बनाने की बात कहकर उसको बुलाया। युवती ने आरोप लगाया है कि पुजारी ने उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। इसका विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। युवती पुजारी की चुंगल से छूटकर अपने घर पहुंची। वहीं आबूलेन बाजार के व्यापारी नेता जीतू नागपाल और विक्की दुआ पीड़ित परिवार को लेकर सदर बाजार थाने पहुंचे पुजारी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने पुजारी ललित शर्मा निवासी लालकुर्ती के खिलाफ केस दर्ज उसे गिरफ्तार कर लिया।
थाने में व्यापारी और पुलिस की झड़प
सदर बाजार पुलिस और व्यापारियों की तीखी झड़प भी हुई। व्यापारियों का आरोप है कि युवती की शिकायत पर पुलिस केस दर्ज नहीं करना चाहती थी। पुलिस मामले को फर्जी बताने लगी। काफी हंगामे के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।
दो बच्चों का पिता है पुजारी
व्यापारी नेता जीतू नागपाल ने बताया कि ललित शर्मा करीब दस साल से हनुमान मंदिर में है। वह दो बच्चों का पिता भी है। उसकी ऐसी हरकत से हिंदू समाज को ठेस पहुंची है। उस पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं पीड़ित परिवार बताया कि 15 दिन से पुजारी युवती को परेशान कर रहा था। कई बार युवती से पूछा भी, लेकिन वह डर के चलते कुछ नहीं बताती थी।