बारिश में बह गया मखदुमपुर मार्ग स्रोत संवाद
हस्तिनापुर। मवाना-मखदूमपुर मार्ग पर किशोरपुर गांव के समीप मध्य गंग नहर पुल से जुड़ा संपर्क मार्ग बरसात में कटान होने के कारण पानी में बह गया। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने मामले की जानकारी पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को दी।
मवाना से मखदूमपुर तक जाने वाले संपर्क मार्ग पर कई गांव हैं। इस मार्ग पर हर रोज हजारों ग्रामीण और छात्रों का आवागमन होता है। किशोरपुर गांव से पहले इस मार्ग पर मध्य गंग नहर का पुल मौजूद है। सोमवार दोपहर को हुई तेज बारिश में संपर्क मार्ग पर कटान शुरू हो गया जो कुछ ही देर में धराशायी होकर मध्य गंग नहर में बह गया। इस मार्ग पर निकलना अब बड़े खतरे से खाली नहीं है। इसके बावजूद लोग मजबूरी में मुख्य मार्ग होने के कारण इस पर आवागमन कर रहे हैं।
वहीं, मार्ग से भारी वाहनों का आवागमन बाधित हो गया। परंतु अभी भी दोपहिया व चारपहिया वाहन भी जान जोखिम में डालकर निकल रहे हैं। समाजसेवी ऋषिपाल मलिक ने बताया कि यह गंगा घाट जाने वाले श्रद्धालुओं के अलावा किशोरपुर, मामेपुर, जलालपुर गांव को जाने वाला मार्ग है। तेज बारिश के कारण सड़क के दोनों ओर से भारी कटान हो गया। साथ ही सड़क नीचे से खोखली होकर आरपार हो गई। इस मार्ग पर आवागमन जोखिम भरा है और किसी समय भी दुर्घटना हो सकती है।
गांव किशोरपुर की प्रधान रितु चौधरी का कहना है कि इस मार्ग पर रात-दिन वाहन चलते हैं। इसलिए समय रहते दुरूस्त किया जाना आवश्यक है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी, सिंचाई विभाग समेत प्रशासन के उच्चाधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।
बारिश में बह गया मखदुमपुर मार्ग स्रोत संवाद
बारिश में बह गया मखदुमपुर मार्ग स्रोत संवाद